रामगढ़ के पंचवटी अपार्टमेंट में 25-30 लाख की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Spread the News

रामगढ़, 18 जनवरी 2026: रामगढ़ कॉलेज के पास स्थित पंचवटी अपार्टमेंट फेज-वन में एक बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के प्रबंधक मनीष कुमार के फ्लैट के दरवाजा तोड़ कर करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट ले गए।

मनीष कुमार 17 जनवरी को अपने गांव छोटकाकाना गए थे। अगले दिन शाम लौटने पर उन्हें फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। चोरों ने कमरे में रखे दो गोदरेज अलमारी को भी तोड़ डाला और अंदर से लगभग 40 हजार रुपये नकद के साथ भारी मात्रा में आभूषण ले उड़े। चोरों ने अपार्टमेंट के एक अन्य फ्लैट का ताला भी तोड़ा, लेकिन वह खाली होने से कुछ नहीं मिला।

चोरों ने ठीक उसी कमरे का दरवाजा निशाना बनाया जहां अलमारी रखी थी, जिससे संदेह है कि उन्हें घर की पूरी जानकारी पहले से थी। निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले एक सप्ताह से सीसीटीवी कैमरा खराब था और मरम्मत के लिए बाहर भेजा गया हुआ था। सुरक्षा गार्ड मौजूद होने के बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

रामगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश जारी है। अपार्टमेंट निवासी अब बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।