न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर रचा इतिहास, इंदौर में ODI सीरीज पर कब्जा

Spread the News

इंदौर,19 जनवरी 2026: न्यूजीलैंड ने भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका देते हुए तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए निर्णायक मुकाबले में कीवी टीम ने भारत को 41 रनों से हराया। यह न्यूजीलैंड की भारत की धरती पर पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत है, जो 1988 से अब तक की उनकी आठवीं कोशिश में हासिल हुई।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रन बनाए। डैरिल मिचेल ने शानदार 137 रनों की पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 106 रनों का योगदान दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रनों की साझेदारी ने भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह से बैकफुट पर ला दिया।

जवाब में भारत की शुरुआत ठीक रही, लेकिन मध्य क्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। विराट कोहली ने एक बार फिर टीम की उम्मीदों को कंधों पर उठाया और 108 गेंदों में 124 रन बनाए। हालांकि दूसरे छोर से कोई बड़ा स्कोर नहीं आ सका। भारत निर्धारित ओवरों में 296 रन ही बना सका और 41 रनों से मैच गंवा बैठा।

यह हार इंदौर में भारत की वनडे में पहली हार भी है। होल्कर स्टेडियम में इससे पहले भारत ने यहां खेले गए सभी 7 वनडे मैच जीते थे।

मैच के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने कहा, “भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सीरीज जीतना हमारे लिए बहुत बड़ा उपलब्धि है। पूरी टीम ने एक साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया, खासकर डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की पारियां मैच-विनिंग साबित हुईं।”

भारतीय टीम के लिए यह हार एक बड़ा सबक है। अब सभी की नजरें आगामी 5 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज पर टिकी हैं, जो 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी। यह सीरीज 2026 टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।