बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन निर्विरोध चुने गए, जेपी नड्डा की जगह लेंगे

Spread the News

नई दिल्ली, 19 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी में आज एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया और निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वे पार्टी के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर उभरे हैं।

नामांकन प्रक्रिया दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहे। नवीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन प्राप्त हुए, जिसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य इकाई अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल थे।

चूंकि कोई अन्य प्रत्याशी नहीं था, इसलिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने उन्हें निर्विरोध घोषित कर दिया। औपचारिक पदभार ग्रहण और घोषणा कल 20 जनवरी 2026 को होगी, जिसके बाद वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 45 वर्षीय नितिन नवीन का जन्म 23 मई 1980 को पटना, बिहार में हुआ। वे पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। दिसंबर 2025 से वे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे।

यह नियुक्ति पार्टी में युवा नेतृत्व और पीढ़ीगत परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इसे “युवा शक्ति की जीत” और “संगठन में नई ऊर्जा” का प्रतीक बताया है। नवीन पूर्वी भारत से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, जो पार्टी की राष्ट्रीय पहुंच को और मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा।