रामगढ़, 17 जनवरी 2026: रामगढ़ पुलिस ने “प्रतिबिम्ब ऐप” की सूचना पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी गिरोह के प्रमुख सदस्य को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी ने करोड़ों की ठगी के साथ-साथ पुणे के एक व्यापारी की हत्या में भी भूमिका निभाई थी।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को 8 जनवरी को ऐप के माध्यम से मोबाइल नंबर 918789882057 के साइबर अपराध से जुड़े होने की जानकारी मिली। एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक चन्दन कुमार वत्स और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी दल ने गोला थाना क्षेत्र के ग्राम हेरमदगा में छापा मारा। वहां सेवानिवृत्त डीवीसी अभियंता कृष्ण कुमार प्रसाद के घर किरायेदार संदू कुमार उर्फ सिंदु उर्फ कुंदन, 27 वर्ष, मूल निवासी नालंदा, बिहार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि गिरोह बैंक कस्टमर केयर बनकर फर्जी फाइल इंस्टॉल करवाकर ठगी करता था। उसके पास से 3 आईफोन समेत 6 मोबाइल फर्जी सिम, 4.43 लाख रुपये नकद और एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (BR21AF8055) बरामद हुई, जो सभी ठगी के पैसे से खरीदे गए थे।
आरोपी ने खुलासा किया कि गिरोह धातु कारोबारियों को गूगल सर्च कर नंबर निकालता, बड़े डील के बहाने पटना बुलाकर अपहरण करता और फिरौती वसूलता था। जनवरी 2025 में ही 12 मामलों में कुल 1.60 करोड़ रुपये वसूले गए।
सबसे हैरान करने वाला खुलासा पुणे के लक्ष्मण साधु शिंदे हत्याकांड का हुआ। अप्रैल 2025 में फर्जी मीटिंग के नाम पर पटना बुलाकर अपहरण किया गया। हिलसा में रखकर 12 लाख मांगे। एटीएम पिन गलत बताने पर मारपीट से मौत हो गई। शव जहानाबाद में फेंककर गिरोह फरार हो गया। इस केस में 9 साथी पहले जेल जा चुके हैं।
गोला थाना में कांड संख्या 10/2026 दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सजगता का प्रमाण है।