जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग मामला, सीनियर छात्र निलंबित

Spread the News

बोकारो,17 जनवरी: तेनुघाट स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। कक्षा 7 के छात्र कुमार संकल्प को कक्षा 8 के एक सीनियर छात्र और उसके साथियों ने कई महीनों से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस लगातार उत्पीड़न से पीड़ित छात्र अवसादग्रस्त हो गया और उसके व्यवहार में नकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा।

पीड़ित छात्र के पिता उत्तम कुमार चौबे, कथारा निवासी ने बेटे के असामान्य व्यवहार पर जांच की तो रैगिंग का खुलासा हुआ। उन्होंने तत्काल लिखित शिकायत बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, तेनुघाट थाना प्रभारी और संबंधित शिक्षा अधिकारियों को सौंपी। शिकायत में आगे किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई गई।

शिकायत मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू की और आरोपी सीनियर छात्र कक्षा 8 को दोषी पाया। अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ के निर्देश पर आरोपी को 45 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सख्त चेतावनी जारी की गई है कि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोहराई गई तो स्थायी निष्कासन की कार्रवाई होगी।

यह घटना प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालयों में छात्रों की मानसिक सुरक्षा और रैगिंग रोकथाम की आवश्यकता को उजागर करती है। स्थानीय अभिभावक और शिक्षा विभाग से सख्त नीतियां लागू करने की मांग उठ रही है। मामले की आगे जांच जारी है।