रामगढ़, 16 जनवरी 2026: स्टार्टअप इंडिया पहल के 10 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के उपलक्ष्य में “आइडिया टू इम्पैक्ट” विषयक जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में उद्यमशीलता, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की भावना को सुदृढ़ करना था।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा कि “स्टार्टअप केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त यात्रा है।”
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्टार्टअप युवाओं के विचार, कौशल और संकल्प का प्रतिबिंब होते हैं, जो सही मार्गदर्शन मिलने पर राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव बनते हैं।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा कि स्टार्टअप संस्कृति नवाचार को बढ़ावा देती है और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष नीरज करमाली ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 जनवरी 2016 से प्रारंभ हुआ स्टार्टअप इंडिया अभियान आज भारत को विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना चुका है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल सेवाओं और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में स्टार्टअप्स की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नौकरी खोजने के बजाय नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभागीय व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस 2026 के इस आयोजन के साथ आत्मनिर्भर भारत की यात्रा और अधिक सशक्त हुई।