झारखंड एकेडमिक काउंसिल  ने जारी की कक्षा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की डेटशीट, 3 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

Spread the News

रांची, 14 जनवरी 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं 2026 के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है। राज्य भर में ये परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू होकर अलग-अलग तिथियों तक चलेंगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए राज्य में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, ताकि सभी छात्रों को निष्पक्ष और सुविधाजनक माहौल मिल सके।

मुख्य तिथियां इस प्रकार निर्धारित की गई है। कक्षा 10वीं की परीक्षा 3 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा (आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स संकाय) 3 फरवरी 2026 से 23 फरवरी 2026 तक संपन्न होगी।

परीक्षा समय के अनुसार कक्षा 10वीं की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा कक्षा 12वीं की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रैक्टिकल परीक्षा एवं आंतरिक मूल्यांकन 24 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक संबंधित स्कूल एवं कॉलेजों में कराया जाएगा। एडमिट कार्ड कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए 16 जनवरी 2026 से तथा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 17 जनवरी 2026 से जारी किए जाएंगे।

JAC के अनुसार, परीक्षा के दौरान सभी छात्रों को कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र साथ लाना जरूरी है। बोर्ड ने स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रैक्टिकल अंकों को निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन अपलोड किया जाए, अन्यथा देरी की जिम्मेदारी स्कूल की होगी।

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन मार्च माह से शुरू होगा और परिणाम अप्रैल 2026 के अंत तक घोषित होने की संभावना है। झारखंड के लाखों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ- JAC ने इस बार समय से पहले डेटशीट जारी कर छात्रों को भरपूर तैयारी का मौका दिया है।