रांची, 13 जनवरी 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी के रांची केंद्र ने झारखंड के विभिन्न जिलों में 13 से 16 जनवरी तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। राज्य में उत्तर-पश्चिमी शुष्क एवं ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इस दौरान कई जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा एवं गुमला में 13 से 16 जनवरी तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी है। हजारीबाग में 14 से 16 जनवरी तक अतिरिक्त शीतलहर चेतावनी लागू रहेगी। राजधानी रांची सहित बोकारो, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद जैसे अन्य कई जिलों में भी शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात एवं उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
14 जनवरी को पड़ रही मकर संक्रांति के दिन ठंड अपने चरम पर रहेगी। न्यूनतम तापमान सबसे निचले स्तर पर दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान खुले में समय बिताने, स्नान करने या त्योहार मनाने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रांची जिला प्रशासन ने पहले से ही 4 जनवरी तक कक्षा 1 से 6 तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है। बुजुर्गों, बच्चों एवं बाहर काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के उपनिदेशक अभिषेख आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं का यह प्रभाव अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है।