राष्ट्रीय युवा दिवस पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में ई-हर्बेरियम विषयक कार्यशाला आयोजित

Spread the News

रामगढ़, 12 जनवरी: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा “पौधों का ई-हर्बेरियम” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पौधों के संरक्षण, पहचान एवं अभिलेखन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।

कार्यशाला का प्रस्तुतीकरण एवं संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल ने किया। उन्होंने ई-हर्बेरियम की अवधारणा, उपयोगिता तथा जैव विविधता संरक्षण में इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ई-हर्बेरियम पारंपरिक हर्बेरियम का आधुनिक स्वरूप है, जो शोध, अध्ययन और शिक्षण को अधिक सरल एवं सुलभ बनाता है।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को पौधों के नमूनों की डिजिटल फोटोग्राफी, डेटा संग्रहण, वर्गीकरण तथा ऑनलाइन अभिलेखन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय में गहरी रुचि दिखाई।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र-निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित विभाग के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।