रामगढ़, 12 जनवरी 2026: राधा गोविंद पब्लिक स्कूल परिसर में आज उत्साह और आध्यात्मिकता से गूंज उठा, जब विद्यालय ने अपना 26वाँ स्थापना दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर एक भव्य पूजन, हवन एवं माल्यार्पण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसके बाद इष्ट देव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। स्वामी विवेकानंद के चित्र के साथ ही संस्था के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद साह एवं राधा देवी की तस्वीरों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
यह पवित्र कार्य विद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी एवं ट्रस्ट सदस्य फूलमती देवी ने अपने कर-कमलों से संपन्न किया।स्कूल परिवार द्वारा हवन यज्ञ में भाग लेते हुए सभी ने विद्यालय की निरंतर उन्नति, छात्रों के उज्ज्वल भविष्य एवं संस्कारयुक्त जीवन की कामना की।
विद्यालय के चेयरमैन ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा- “स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। हमें शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी अपनाना होगा और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना होगा।”
उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों को 26वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में सभी उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं अतिथियों में प्रसाद एवं मिष्ठान का वितरण किया गया।
प्राचार्य सुजीत कुमार मोहंती की देखरेख में सम्पूर्ण कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ। स्कूल परिवार द्वारा हवन यज्ञ में भाग लेते हुए सभी ने विद्यालय की निरंतर उन्नति, छात्रों के उज्ज्वल भविष्य एवं संस्कारयुक्त जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में राधा गोविंद विश्वविद्यालय के वित्त एवं लेखा पदाधिकारी संजय कुमार, ट्रस्ट सदस्य अजय कुमार, इंटर कॉलेज की प्राचार्या सोमा पांडे, प्रशासक के. एन. सिंह सहित समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।