केजी से कक्षा 6 तक स्कूल 14 जनवरी तक बंद, 7 से 12 तक कक्षाएं सुबह 10 बजे से

Spread the News

रांची, 12 जनवरी 2026: लगातार बढ़ रही भीषण ठंड और शीतलहर के कारण रांची जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक भारी ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सभी निजी विद्यालयों में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।

जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जारी आदेश के अनुसार, केजी से कक्षा 6 तक की सभी कक्षाएं 12 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक पूर्ण रूप से स्थगित रहेंगी। वहीं, कक्षा 7 से कक्षा 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से संचालित की जाएंगी, ताकि सुबह की सबसे तेज ठंड से छात्रों को बचाया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान किसी स्कूल में कोई परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने विवेक से उसका संचालन कर सकता है। हालांकि, बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। बच्चों को गर्म कपड़े स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी, दस्ताने पहनाकर स्कूल भेजें, गरम नाश्ता करवाएं और उनकी सेहत का विशेष ख्याल रखें।

रांची जिला को भारत मौसम विभाग ने येलो जोन में रखा है, जहां घना कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान कई दिनों से 5-8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।