रांची, 9 जनवरी 2026: झारखंड उच्च न्यायालय ने नया मुख्य न्यायाधीश मिला। जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक को राज्य के 18वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन के बिरसा मुंडा मंडप में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई।
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, मंत्रीगण, महाधिवक्ता, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नए मुख्य न्यायाधीश को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जस्टिस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को गोवा के पणजी में हुआ। उन्होंने डॉन बॉस्को हाई स्कूल से स्कूली शिक्षा, धेम्पे कॉलेज से बी.एससी. और एम.एस. लॉ कॉलेज से एलएलबी पूरी की। 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल से अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए।
वे दीवानी, संवैधानिक, पर्यावरण, श्रम, सेवा, कर, कंपनी कानून और जनहित याचिकाओं जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ रहे। 21 जून 2013 को बॉम्बे हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त हुए और बाद में स्थायी न्यायाधीश बने।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिसंबर 2025 में उनके नाम की सिफारिश की थी। वे पूर्व मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान की 8 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्ति के बाद यह पद संभाल रहे हैं। उनका कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा।
यह नियुक्ति झारखंड की न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। सभी ने निष्पक्ष, तेज और पारदर्शी न्याय की उम्मीद जताई है।