रांची, 4 जनवरी 2026: हिमालय में ताजा बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। भारतीय मौसम विभाग रांची केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि आज से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। आसमान साफ रहने से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे अगले एक सप्ताह तक राज्य में कंपकंपाती सर्दी का दौर जारी रहेगा।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट 4 से 6 जनवरी तक जारी रहेगी। इससे पहले दिसंबर के अंत में कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति देखी गई, और अब ठंड और तेज होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में सुबह के समय घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट रांची सहित पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला 15 जिलों के लिए है
इस कोहरे से दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
राज्य में फिलहाल सूखा मौसम बना हुआ है, लेकिन ठंडी हवाओं से दिन और रात दोनों में सिहरन बढ़ेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म कपड़े पहनें, अलाव जलाएं और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ख्याल रखें।