झारखंड ACB की बड़ी कार्रवाई, टाटा मोटर्स शोरूम्स पर छापेमारी; निलंबित IAS विनय चौबे से जुड़े आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच तेज

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची/कोडरमा/धनबाद, 31 दिसंबर 2025: झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार देर शाम से कई जिलों में ऑटोमोबाइल शोरूम्स पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार, कोडरमा, रांची, धनबाद और देवघर सहित विभिन्न स्थानों पर टाटा मोटर्स और अन्य मोटर एजेंसियों के शोरूम्स में रेड की गई। इन शोरूम्स की मालिक और डायरेक्टर स्निग्धा सिंह आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुख्य आरोपी हैं, जो वर्तमान में फरार चल रही हैं।

एंटी करप्शन ब्यूरो को विश्वसनीय जानकारी मिली है कि इन शोरूम्स में करोड़ों रुपये का निवेश किया गया है, लेकिन निवेश के स्रोत स्पष्ट नहीं हैं। एजेंसी को दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण जांच का दायरा बढ़ाया गया है। कोडरमा में टाटा मोटर्स शोरूम को सील कर दिया गया है, जबकि अन्य जगहों पर लेन-देन और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई निलंबित IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे से जुड़े बड़े भ्रष्टाचार मामले की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। चौबे पहले से शराब घोटाला, भूमि घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के कई मामलों में आरोपी हैं। जांच में सामने आया है कि चौबे की कथित अवैध कमाई को उनके करीबी कारोबारी विनय कुमार सिंह (नेक्सजेन ऑटोमोबाइल्स के मालिक) और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के माध्यम से विभिन्न शोरूम्स में निवेश किया गया।

इस महीने की शुरुआत में भी एंटी करप्शन ब्यूरो ने चौबे के अन्य करीबियों जैसे श्रवण जालान और नवीन पटवारी के ठिकानों पर छापे मारे थे। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीमें फिलहाल जब्त दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हैं। स्निग्धा सिंह की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ने पर और खुलासे होने की संभावना है।