वूमंस हॉकी इंडिया लीग 2025-26 का रांची में धमाकेदार आगाज: दिल्ली एसजी पाइपर्स ने होम टीम को हराया

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 29 दिसंबर 2025: झारखंड की राजधानी रांची में वूमंस हॉकी इंडिया लीग के दूसरे सीजन का शानदार उद्घाटन हुआ। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में रविवार को हुए भव्य समारोह में झारखंड की विधायक कल्पना सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में लीग का उद्घाटन किया। समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने अपनी शानदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया।

लीग की शुरुआत ओपनिंग मैच से हुई, जिसमें होम टीम रांची रॉयल्स का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से था। दिल्ली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रांची रॉयल्स को 2-0 से हरा दिया। पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर सीजन का पहला गोल किया, जबकि टेरेसा वियाना ने 46वें मिनट में दूसरा गोल कर टीम की जीत पक्की की। घरेलू दर्शकों के जोरदार समर्थन के बावजूद रांची रॉयल्स गोल नहीं कर सकीं।

यह लीग 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक रांची में ही खेली जाएगी। चार टीमें- रांची रॉयल्स, दिल्ली एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स – डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में भिड़ेंगी। सभी मैचों की एंट्री पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे हॉकी प्रेमी स्टेडियम में आकर भरपूर मजा ले सकते हैं।

आज शाम 7 बजे दूसरा मैच जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और दिल्ली एसजी पाइपर्स के बीच होगा। हॉकी के इस महाकुंभ में झारखंड का जुनून चरम पर है!