रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 28 दिसंबर 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। उनके झारखंड की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के पहले दिन एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पारंपरिक आदिवासी अंदाज में गुलदस्ता भेंट कर हार्दिक स्वागत किया। राष्ट्रपति ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और सीधे राजभवन (लोकभवन) के लिए प्रस्थान किया, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “झारखंड की पावन धरती पर देश की प्रथम नागरिक आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक स्वागत, अभिनंदन एवं जोहार।”
राष्ट्रपति का यह दौरा झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, शिक्षा और परंपराओं को राष्ट्रीय पटल पर उजागर करने वाला है। कल 29 दिसंबर को वे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर पहुंचेंगी। वहां संथाली लिपि ‘ओल चिकी’ के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी। शाम को वापस रांची लौटेंगी।
दौरे के अंतिम दिन 30 दिसंबर को राष्ट्रपति गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में भाग लेंगी। यह कार्यक्रम आदिवासी लोक नृत्य, संगीत और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम उपरांत वे दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
दौरे को देखते हुए रांची, जमशेदपुर और गुमला में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट से राजभवन तक नो-फ्लाई जोन लागू है तथा यातायात प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।
यह यात्रा झारखंड के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि राष्ट्रपति स्वयं आदिवासी समुदाय से हैं और यह दौरा राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।