बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने बांटे डिग्री और गोल्ड मेडल, विधायकों में नाम न लेने पर नाराजगी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

धनबाद, 26 दिसंबर 2025: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह आज न्यू टाउन हॉल में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं को डिग्री और गोल्ड मेडल वितरित किए। इस बार की खासियत रही कि पहली बार अंडरग्रेजुएट कोर्स के टॉपर्स को भी गोल्ड मेडल दिए गए। कुल 220 टॉपर्स को सम्मानित किया गया, जिसमें अंडरग्रैजुएट के तीन सत्रों के 78 और पोस्टग्रेजुएट तीन सत्रों के 80 छात्र शामिल थे।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में शिक्षा को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए छात्रों को नवाचार व अनुसंधान पर जोर देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामकुमार सिंह ने समारोह की सफलता पर खुशी जताई और भविष्य में प्लेसमेंट व शोध को बढ़ावा देने की बात कही।

हालांकि, समारोह के दौरान एक विवाद भी सामने आया। मंच पर उपस्थित विधायकों में से राज्यपाल ने सिर्फ डुमरी विधायक जयराम महतो का नाम लिया। इससे धनबाद विधायक राज सिन्हा, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और सिंदरी विधायक बबलू महतो नाराज हो गए। विधायकों ने कहा कि हमें ऐसा लगा जैसे हम बिन बुलाए मेहमान हों। इस उपेक्षा से आहत हो कर कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए। वहीं, जयराम महतो ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे नहीं मालूम कि ऐसा क्यों हुआ।

यह घटना स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है, हालांकि समारोह शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का यह दीक्षांत समारोह कोयलांचल क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।