चुटूपालू घाटी में 18 जंगली हाथियों के झुंड से NH-33 पर 40 मिनट ठप रहा ट्रैफिक, टली बड़ी अनहोनी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़/रांची, 25 दिसंबर 2025: झारखंड के रामगढ़-रांची को जोड़ने वाले व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर बुधवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चुटूपालू घाटी में 18 जंगली हाथियों का झुंड सड़क के पास आ गया। हाथियों को अचानक सड़क पर देख वाहन चालकों में दहशत फैल गई और देखते-ही-देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। हाथियों की मौजूदगी के कारण करीब 40 मिनट शाम 7:10 बजे तक तक राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। यात्रियों को अपने वाहनों में दुबके रहना पड़ा। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ और कोई घायल नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को मायाटुंगरी पहाड़ के पास रोका गया, जबकि रांची की ओर से खिराबेड़ा क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। विभाग की दो विशेष टीमों ने तेज सायरन बजाकर और अन्य तरीकों से हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा। काफी मशक्कत के बाद हाथी झुंड जंगल में वापस चले गए।

यह इलाका हाथियों का प्राकृतिक कॉरिडोर है। हाल के दिनों में रामगढ़ क्षेत्र में हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जंगल कटाई और विकास परियोजनाओं से हाथी अपने रास्ते भटक जाते हैं।

वन विभाग के अधिकारी ने सलाह दी कि ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को हाथियों को देखते ही गाड़ी रोक देनी चाहिए, हॉर्न नहीं बजाना चाहिए और दूर से इंतजार करना चाहिए। वन विभाग की टीम पर भरोसा रखें।