रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 24 दिसंबर 2025: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारियां झारखंड में तेज हो गई हैं। रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से कल एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला अध्यक्ष सह रामगढ़ विधायक ममता देवी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह प्रभारियों बेला प्रसाद तथा भूपेंद्र मरावी और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
बैठक में प्रखंड अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और मंडल पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। सभी प्रखंडों एवं वार्डों में प्रभारी नियुक्त किए गए तथा झंडोतोलन कार्यक्रम के लिए पार्टी झंडे वितरित किए गए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद करने और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का जोश नजर आ रहा है।
पूरा रामगढ़ जिला 28 दिसंबर को तिरंगा और पार्टी झंडों से सजने वाला है, जहां झंडोतोलन के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।