रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
क्रिसमस पर्व हमें शांति, मित्रता और सेवा का मार्ग दिखाता है : सचिव प्रियंका कुमारी
रामगढ़ : शिक्षा विभाग, राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में मंगलवार, दिनांक 23 दिसंबर 2025 को क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु यीशु मसीह के जीवन, उनके उपदेशों एवं मानवता के प्रति उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए की गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा, “क्रिसमस प्रेम, शांति और सेवा का पर्व है। यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। हमें सभी मिलकर समाज में सकारात्मकता और सौहार्द का संदेश फैलाना चाहिए।”
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी को क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि क्रिसमस हमें शांति, मित्रता और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से समाज में प्रेम और करुणा के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए क्रिसमस कैरोल, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विभाग प्रमुख ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिसमस पर्व मानवता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, जो हमें एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील और सहयोगी बनने की सीख देता है। इस अवसर पर केक काटकर सभी ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में हुआ।
मौके पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभिन्न विभागों के व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।