रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 23 दिसंबर 2025: विकसित भारत@2047 के सपने को साकार करने के लिए नशा मुक्त समाज की आवश्यकता पर बल देते हुए, पत्र सूचना कार्यालय रांची द्वारा आज रामगढ़ के होटल शिवम इन में ग्रामीण पत्रकारों के लिए ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था “विकसित भारत के संदर्भ में नशा मुक्ति का महत्व”।
कार्यक्रम की शुरुआत में पत्र सूचना कार्यालय रांची के कार्यालय प्रमुख राजेश सिन्हा ने स्वागत संबोधन देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत मिशन में नशा मुक्ति एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि नशा विरोधी सरकारी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाएं।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रांची के सहायक निदेशक राणा प्रताप यादव ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को बड़ी चुनौती बताया और समाज की भागीदारी पर जोर दिया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अधीक्षक शारिक उमर ने झारखंड में अवैध नशीली फसलों के खिलाफ चल रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 और मानस पोर्टल पर गोपनीय सूचना देने की सुविधा का उल्लेख किया।
राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय रांची के प्रो. शुभम श्रीवास्तव ने कानूनी पहलुओं पर चर्चा की और नशा निरोधक कानूनों को अधिक मानवीय बनाने की वकालत की। दूरदर्शन के दिवाकर कुमार और गौरव पुष्कर ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने नशा मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यह आयोजन नशा मुक्त भारत अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।