रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 23 दिसंबर 2025: झारखंड के रामगढ़ जिले में सुशासन सप्ताह (19 से 25 दिसंबर 2025) के अवसर पर “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को गोला, दुलमी और पतरातू प्रखंड मुख्यालयों में प्रखंड स्तरीय शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचाना और जन शिकायतों का त्वरित निराकरण करना है।
शिविरों का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
पतरातू प्रखंड के शिविर का निरीक्षण अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी ने स्वयं किया, जबकि गोला और दुलमी प्रखंडों में जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविरों में आम नागरिकों ने विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन जमा किए, जिनमें आधार कार्ड निर्माण, सुधार, पेंशन, राशन कार्ड आदि प्रमुख रहे। आधार संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष काउंटर लगाए गए थे। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता पर निराकरण किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम में आगे भी कई शिविर आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने शिविरों की सराहना की और इसे सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।