रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची/रामगढ़, 23 दिसंबर 2025: केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के आयोजन में रामगढ़ कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संदेश को जीवंत कर दिया। सोमवार को आयोजित रंगोली, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने श्रम सुधार, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से आकर्षक डिजाइन बनाए, जिनमें श्रम की गरिमा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश प्रमुखता से उभरे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को विशेष रूप से रंगों से सजाया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में कल्पनाशील ब्रश स्ट्रोक्स से राष्ट्र निर्माण, प्रकृति और मातृत्व के भावों को कैनवास पर उतारा गया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मनिर्भर भारत में श्रम सुधारों की भूमिका और सुशासन की आवश्यकता पर ओजपूर्ण विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सीबीसी के कार्यालय प्रमुख राजेश सिन्हा, दूरदर्शन के श्री गौरव पुष्कर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आज 23 दिसंबर को हजारीबाग सांसद मनीष जयसवाल दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, जिसमें विद्यार्थियों की कलाकृतियां प्रदर्शित होंगी तथा श्रमिक संगठनों, समाजसेवियों और कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय विकास और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।