रामगढ़ में सर्दी-कोहरे की दोहरी मार: ठिठुरते बच्चे स्कूल पहुंचने को मजबूर, अभिभावक मांग रहे समय में बदलाव

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 22 दिसंबर 2025: जिले में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह-सुबह छाया रहने वाला कोहरा दृश्यता को शून्य के करीब ले आता है, जिससे सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं। सबसे ज्यादा मार छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रही है, जो ठंड से ठिठुरते हुए सुबह सात बजे स्कूल जाने को मजबूर हैं।

कई अभिभावक परेशान हैं और स्कूलों के समय में बदलाव की मांग कर रहे हैं। एक अभिभावक नरेंद्र कुमार कहते हैं, “कोहरे में कुछ दिखता नहीं, बच्चे ठंड से कांपते हैं। स्कूल का समय कम से कम 9 बजे तक किया जाए।” अन्य अभिभावकों का भी यही कहना है कि शिक्षा विभाग को मौसम की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फैसला लेना चाहिए। झारखंड के पड़ोसी राज्यों ने अपने स्कूल के समय में बदलाव किया है और छोटे बच्चों के स्कूल फिलहाल ठंड को देखते हए बंद कर दिये गये है। झारखंड सरकार को भी ठंड को देखते हुए जल्द फैसला लेनी चाहिए ताकि बीते वर्षो के जैसे कोई दुर्घटना ना घटे।

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रखने की बात कह रहा है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आए हैं। विपक्ष ने सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाया है और सवाल उठाया है कि क्या बच्चों की सुरक्षा के लिए किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरा और ठंड जारी रहेगी। अभिभावकों की अपील है कि सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।