रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 22 दिसंबर 2025: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के शिक्षा विभाग में चल रही व्याख्यान श्रृंखला के तीसरे दिन सोमवार को श्रीराम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, पिस्का नगड़ी के प्राचार्य प्रो. डॉ. आनंद कुमार मोय ने “बियॉन्ड टेक्स्टबुक्स : प्रैक्टिकल पेडागोजी फॉर रियल क्लासरूम” विषय पर ओजस्वी व्याख्यान दिया। उन्होंने किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर गतिविधि-आधारित एवं व्यावहारिक शिक्षण पद्धति पर विशेष बल दिया, जो वास्तविक कक्षाओं में शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाती है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कार्यक्रम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “शिक्षा केवल ज्ञान का संचार नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, चेतना जागरण तथा राष्ट्र-निर्माण का मजबूत आधार है।”
सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने उद्गार में कहा कि शिक्षा का सच्चा उद्देश्य केवल रोजगार प्रदान करना नहीं, अपितु उत्तरदायी और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने ऐसे शैक्षणिक आयोजनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्याख्यान श्रृंखला जैसे कार्यक्रम विचारों के आदान-प्रदान से समाज को नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकगण तथा सैकड़ों प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह व्याख्यान श्रृंखला शिक्षा को मूल्य-आधारित एवं व्यावहारिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जो आने वाले शिक्षकों को वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।