पेट्रोल पंप की रोशनी में पढ़ने वाले बच्चे एलेक्स मुंडा को सीएम हेमंत सोरेन ने दी मदद का निर्देश

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 22 दिसंबर 2025: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मार्मिक वीडियो के बाद सीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 वर्षीय एलेक्स मुंडा की पढ़ाई और परिवार की मदद के लिए निर्देश जारी किए।

वीडियो में दिखाया गया है कि रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू में चौधरी फ्यूल पेट्रोल पंप पर काम करने वाली नूतन टोप्पो अपने बेटे एलेक्स मुंडा को पंप की लाइट के नीचे बैठाकर पढ़ाती हैं। घर में बिजली न होने के कारण एलेक्स हर रात यहीं पढ़ाई करता है। नूतन के पति का निधन सात साल पहले हो गया था, जिसके बाद परिवार की सारी जिम्मेदारी उन पर आ गई। दिन भर पेट्रोल पंप पर मजदूरी करने के बाद रात में पंप की रोशनी उनका क्लासरूम बन जाती है।

यह वीडियो 21 दिसंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसे देखते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक X हैंडल से रांची के डिप्टी कमिश्नर को टैग करते हुए लिखा: “.@DC_Ranchi संज्ञान लें एवं एलेक्स की पढ़ाई हेतु हर संभव मदद पहुंचाते हुए सूचित करें।”

सीएम के इस निर्देश के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि एलेक्स को जल्द ही बेहतर पढ़ाई की सुविधाएं, जैसे बिजली कनेक्शन, स्कूल में दाखिला और अन्य जरूरी मदद मिलेगी। यह घटना मुख्यमंत्री की जनता के प्रति संवेदनशीलता का एक जीवंत उदाहरण है। सोशल मीडिया यूजर्स भी नूतन टोप्पो के हौसले की तारीफ कर रहे हैं।