महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत, 288 में से 215 सीटों पर लहराया परचम, एमवीए का सूपड़ा साफ

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

मुंबई, 22 दिसंबर 2025: महाराष्ट्र के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने प्रचंड जीत दर्ज की है। कुल 288 निकायों (246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायत) में महायुति ने 215 से अधिक निकायों में अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया या स्पष्ट बहुमत हासिल किया। यह जीत कुल निकायों का लगभग 75 प्रतिशत है, जिसे राजनीतिक विश्लेषक महायुति की अब तक की सबसे बड़ी स्थानीय निकाय जीत बता रहे हैं।

भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसने अकेले 119 से 129 निकायों में जीत हासिल की। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 52-60 और अजित पवार की एनसीपी ने 33-37 निकायों पर सफलता प्राप्त की। वहीं, विपक्षी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) मिलकर मात्र 50-54 निकायों तक सीमित रहे। कई रिपोर्टों में इसे एमवीए का ‘सूपड़ा साफ’ बताया जा रहा है।

चुनाव दो चरणों में हुए- पहला चरण 2 दिसंबर और दूसरा 20 दिसंबर को। मतगणना आज सुबह शुरू हुई और शाम तक अधिकांश परिणाम स्पष्ट हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे विकास पर जनता की मुहर बताया, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा संगठन की मेहनत का श्रेय दिया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे आगामी नगर निगम चुनावों का ‘ट्रेलर’ करार दिया।

विपक्ष ने ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं दिए। यह जीत 2024 विधानसभा चुनाव के बाद महायुति की लोकप्रियता को और मजबूत करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जनवरी 2026 में होने वाले बीएमसी सहित नगर निगम चुनावों में भी इसका गहरा असर पड़ेगा।