रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 19 दिसंबर 2025: झारखंड की राजधानी रांची में क्रिसमस का उत्सव जोर-शोर से मनाया जा रहा है। चारों तरफ क्रिसमस गैदरिंग की धूम है और लोग उत्साह के साथ इस पर्व को सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी लोगों को क्रिसमस और आने वाले नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के डॉ. कामिल बुल्के पथ स्थित लोयोला ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय क्रिसमस मिलन महोत्सव-2025 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का जन्म खुशियों का पैगाम लेकर आता है। हर तरफ खुशियों का माहौल है और लोग उमंग व उत्साह से इस त्योहार को मना रहे हैं। उन्होंने प्रेम, शांति, एकता और सद्भाव का संदेश देते हुए राज्यवासियों से सहयोग की अपील की।
इससे पहले मुख्यमंत्री दंपति आर्च बिशप हाउस भी पहुंचे, जहां उन्होंने रांची के आर्च बिशप फादर विंसेंट आइंद से मुलाकात की, बालक प्रभु यीशु से आशीर्वाद लिया और केक काटकर उत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि इस पर्व के संदेश को जीवन में उतारें और समाज में खुशहाली फैलाएं।