रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 20 दिसंबर 2025: खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय रामगढ़ द्वारा महर्षि परमहंस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं की छिपी प्रतिभा को उजागर करना तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। विजेता प्रतिभागी आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में पाँच प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक लोकनृत्य में महर्षि परमहंस कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने प्रथम, रामगढ़ कॉलेज ने द्वितीय तथा रामसोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में खुशबू कुमारी प्रथम, रुचि कुमारी द्वितीय एवं सान्या फिरदौस तृतीय रहीं। चित्रकला में सतीश कुमार ने प्रथम, तृप्ति कुमारी ने द्वितीय तथा अनन्या सिन्हा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कविता लेखन प्रतियोगिता में शालिनी रतन प्रथम, खुशबू कुमारी द्वितीय एवं निकिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सामूहिक लोकगीत में नमन ग्रुप ने प्रथम, शहजादी ग्रुप ने द्वितीय तथा जीनत प्रवीण की ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महोत्सव का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, कॉलेज की प्रधानाध्यापक, एनएसएस पदाधिकारी एवं जिला खेल समन्वयक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। मौके पर जिला खेल कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रधानाध्यापक ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।