रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 20 दिसंबर 2025: सुशासन सप्ताह के अंतर्गत चल रहे राष्ट्रव्यापी “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को प्रखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना और शिकायतों का त्वरित निवारण करना है।
शिविर का निरीक्षण जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी मांडू, अंचल अधिकारी मांडू तथा अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
शिविर में आम नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन जमा किए, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। विशेष रूप से आधार कार्ड निर्माण और आधार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग काउंटर लगाया गया था। इसके अलावा कृषि, स्वास्थ्य, पेंशन, मनरेगा, राशन कार्ड जैसी योजनाओं से जुड़े विभागों ने अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
जिले में सुशासन सप्ताह 19 से 25 दिसंबर 2025 तक मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और सुशासन को मजबूत बनाना है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से कहा गया है कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी सरकारी सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उनका समय और धन दोनों की बचत हो रही है।