रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 20 दिसंबर 2025: रामगढ़ के सिदो कान्हू मैदान में शनिवार को सामाजिक कुरीति निवारण योजना, राज्य योजनाओं एवं बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान के तहत अनुमंडल स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने उपस्थित सभी लोगों को डायन कुप्रथा एवं बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का आयोजन महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा किया गया। उद्देश्य राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करना था। दीप प्रज्वलन के बाद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो ने स्वागत भाषण में कहा कि योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़कर एवं कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाना मुख्य लक्ष्य है।
उप विकास आयुक्त ने संबोधन में डायन प्रथा व बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने इनसे होने वाले नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं से संवाद कर सुझाव लिए। अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने कहा कि समय पर कार्रवाई न हुई तो ये कुरीतियां समाज को खोखला कर देंगी। प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशासनिक अनुभव साझा किए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम कुमारी एवं सहायक निदेशक कृष्णा टोप्पो ने विभागीय प्रयासों की जानकारी दी। राज्य टीम ने पीपीटी व लघु फिल्मों से बाल विवाह (झारखंड में 32% दर), डायन प्रथा के कानूनी प्रावधान एवं योजनाएं जैसे मुख्यमंत्री मंईया सम्मान (मासिक 2500 रुपये), सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि (20,000 रुपये), कन्यादान (30,000 रुपये), विधवा पुनर्विवाह (2 लाख रुपये) एवं मिशन शक्ति पर विस्तृत जानकारी दी। हेल्पलाइन 181, 1098 व 112 पर सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम का संचालन राजनंदिनी एवा ने किया। मुखिया, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहिया आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।