रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
पटना, 15 दिसंबर 2025: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार इकाई के लिए नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। दरभंगा से लगातार पांच बार के विधायक और मिथिलांचल के प्रमुख नेता संजय सरावगी को बिहार भाजपा की कमान सौंपी गई है।
यह नियुक्ति भाजपा की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ नीति के तहत हुई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल नवंबर 2025 में नीतीश कुमार सरकार में उद्योग मंत्री बनने के बाद इस पद से अलग हो गए थे। उनकी जगह अब संजय सरावगी को जिम्मेदारी दी गई है।
संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं और दरभंगा सदर सीट से 2005 से लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। हाल तक वे बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री थे। उनकी नियुक्ति से मिथिला क्षेत्र में पार्टी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए नई ऊर्जा देने की रणनीति का हिस्सा है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है और बिहार में भाजपा को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया है।