रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 14 दिसंबर 2025: झारखंड के रामगढ़ जिले में आज टाउन हॉल में दूसरा जिला स्तरीय पर्पल फेयर सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (भारत सरकार) के सौजन्य से, सीआरसी रांची और जिला प्रशासन रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक बड़कागांव रौशन लाल चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जयसवाल, राज्य निःशक्तता आयुक्त अभयनंदन अंबष्ट और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों ने दिव्यांगजनों की क्षमताओं की सराहना की और ऐसे समावेशी आयोजनों को निरंतर समर्थन देने का आश्वासन दिया।
विधायक चौधरी ने कहा, “दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें केवल समान अवसर और मंच की जरूरत है।” वहीं, राज्य आयुक्त अंबष्ट ने जोर दिया कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में 33 दिव्यांग कलाकारों ने नृत्य, संगीत और कविता पाठ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई गई। 10 स्टॉलों पर रोजगार, शिक्षा और पुनर्वास संबंधी जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथियों ने 34 दिव्यांगजन एवं वृद्धों को सहायक उपकरण वितरित किए। कई का ADIP और वयोश्री योजना के तहत आकलन भी हुआ।
400 से अधिक दर्शकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। स्थल को पूरी तरह दिव्यांग-अनुकूल बनाया गया था- रैंप, बाधा-मुक्त शौचालय आदि।
सीआरसी रांची के निदेशक सूर्य मणि प्रसाद ने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पर्पल फेयर दिव्यांगजनों की प्रतिभा और सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरा।