रामगढ़ जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में NCORD बैठक आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 14 दिसंबर : रामगढ़ जिले में नशे की लत से युवाओं को बचाने और नशीले पदार्थों के व्यापार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में सबसे पहले स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा रीना कुजूर ने पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को दी।

उपायुक्त ने जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने पूरे जिले में दवा दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया, विशेष रूप से उन दवाओं पर निगरानी रखने को कहा जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता है। दवाओं की बिक्री और स्टॉक से संबंधित रिपोर्ट नियमित रूप से जिला स्तर पर जमा करने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने देश के विभिन्न हिस्सों में नारकोटिक्स के खिलाफ सफल प्रयासों के उदाहरण देकर अधिकारियों को प्रेरित किया और इस दिशा में सक्रिय कार्य करने पर जोर दिया।

सार्वजनिक स्थलों पर रात्रि में असामाजिक तत्वों द्वारा नशे के सेवन पर विशेष ध्यान देते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने, निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

रामगढ़ जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को पूर्ण जिम्मेदारी से कार्य करने का आदेश देते हुए उपायुक्त ने रोस्टर तैयार कर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। जिला शिक्षा अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों को स्कूलों के 100 मीटर की परिधि में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों पर व्यापक जांच अभियान चलाने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी स्तर पर समन्वय के साथ इसे प्रभावी बनाया जाएगा।