मांडू में खेल महोत्सव: जेंडर समानता का संदेश देते हुए ग्रामीण महिलाओं ने दिखाई खेल भावना

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 14 दिसंबर 2025: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी रामगढ़ के तहत जेंडर अभियान 4.0 के अंतर्गत मांडू प्रखंड के लइयो क्लस्टर में शनिवार को एक भव्य खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। केदला उतरी पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं को समान अधिकार और अवसरों का सशक्त संदेश दिया गया।

फुटबॉल मैच में केदला उतरी और बरुघुटू उतरी पंचायत की टीमों ने जोरदार मुकाबला किया, जिसमें बरुघुटू उतरी की टीम विजेता बनी। वहीं कबड्डी में इचाकडीह और लइयो टीमों के बीच हुई प्रतियोगिता में इचाकडीह की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीमों को कप और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस आयोजन में 150 से अधिक महिलाओं ने खिलाड़ी के रूप में भाग लिया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं दर्शक बनकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाती रहीं। खेल के मैदान पर महिलाओं ने साबित किया कि वे हर क्षेत्र में सक्षम और आत्मनिर्भर हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केदला उतरी पंचायत मुखिया अंजना देवी ने कहा, “जेंडर समानता सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने की जरूरत है। ऐसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।” विशिष्ट अतिथियों में मुखिया मीना देवी, पंचायत समिति सदस्य अनामिका सिन्हा और इंदु देवी शामिल रहीं।

जेएसएलपीएस की टीम- अनुपमा सिन्हा (बीपीएम), अमानुल्लाह (एफटीसी) और क्लस्टर स्तर के सदस्यों के प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह खेल महोत्सव महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।

ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और उम्मीद है कि जेंडर अभियान 4.0 के तहत और भी कई कार्यक्रम होंगे।