हजारीबाग में NIA-ATS की बड़ी छापेमारी, ISIS मॉड्यूल से जुड़े संदिग्ध के घर पर दबिश

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

हजारीबाग, 11 दिसंबर 2025: झारखंड के हजारीबाग जिले के पेलावल (बिलावल) थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। अंसार नगर मोहल्ले में ISIS से जुड़े 2023 पुणे मॉड्यूल के फरार आरोपी शहनवाज उर्फ शाहनवाज सफीउज्जमा के पैतृक घर पर छापेमारी की गई।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे NIA की 6 सदस्यीय टीम और महाराष्ट्र ATS के अधिकारी 4 गाड़ियों में पहुंचे। उनके साथ CRPF की दो दर्जन से अधिक जवानों की टीम भी मौजूद थी। पूरे इलाके को घेरकर घर की तलाशी ली गई। टीम ने कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध सामग्री जब्त की है।

शहनवाज सफीउज्जमा पुणे ISIS मॉड्यूल केस में मुख्य आरोपी है और NIA ने इसके सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। वह अभी फरार है। एजेंसी को खुफिया जानकारी मिली थी कि उसका परिवार और रिश्तेदार अभी भी आतंकी नेटवर्क को सहयोग दे रहे हैं।

छापेमारी के दौरान इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात रहा। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। NIA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई देशभर में फैले आतंकी मॉड्यूल के सपोर्ट सिस्टम को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में हजारीबाग और आसपास के इलाकों से कई युवक आतंकी संगठनों के संपर्क में आने की खबरें सामने आ चुकी हैं। NIA और ATS की टीमें लगातार झारखंड में सक्रिय हैं।

फिलहाल जांच जारी है और जल्द ही आधिकारिक बयान जारी होने की संभावना है।