डॉ. एस राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के पूर्व छात्र सूर्यदीप शिरोमणि बने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 11 दिसंबर 2025: रामगढ़ जिले के लारी स्थित डॉ. एस राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सुकरीगढ़ा के डीएलएड (सत्र 2020-22) के पूर्व छात्र सूर्यदीप शिरोमणि ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्हें श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के प्रतिष्ठित पद पर चयनित किया गया है।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले सूर्यदीप ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। कोयला खदानों व उद्योगों से घिरे रामगढ़ जिले में श्रमिक अधिकारों की रक्षा करने वाला यह पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सूर्यदीप अब बाल श्रम उन्मूलन, न्यूनतम मजदूरी लागू करना, ठेका मजदूरों के हक, बॉण्डेड लेबर तथा कार्यस्थल सुरक्षा जैसे जिम्मेदारियों को निभाएंगे।

सूर्यदीप की इस उपलब्धि पर डॉ. एस राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया है। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव संजय कुमार प्रभाकर ने सूर्यदीप शिरोमणि को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “हमारे संस्थान का छात्र सरकारी सेवा में चयनित होकर जिले का नाम रोशन कर रहा है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। हम सूर्यदीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

महाविद्यालय के प्राचार्य व शिक्षकों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ दीं। सूर्यदीप के साथी छात्रों व परिजनों में खुशी का माहौल है। सूर्यदीप ने कहा, “मैं अपने महाविद्यालय व शिक्षकों का आभारी हूँ। अब मैं श्रमिकों के अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूँगा।”

रामगढ़ के युवाओं के लिए सूर्यदीप की सफलता एक नया प्रेरणास्रोत बन गई है।