मात्र 72 घंटे में 12 लाख की बड़ी चोरी का उद्भेदन, रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 11 दिसंबर 2025: रामगढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए सिर्फ 72 घंटे के अंदर 12 लाख रुपये नकद एवं सोने-चांदी के जेवरात की बड़ी चोरी की घटना का सफल उद्भेदन कर लिया। कल रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का पूरा खुलासा किया।

एसपी अजय कुमार ने बताया कि दिनांक 07 दिसंबर 2025 की रात जेल रोड निवासी मनोज कुमार साव के घर में सेंधमारी कर अज्ञात चोरों ने अलमारी तोड़कर 12 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और सघन प्रयास के बाद पुलिस को पता चला कि चोरी का माल बोकारो जिले में छिपाया गया है। इसी सूचना पर सुबह रामगढ़ पुलिस की टीम ने बोकारो के दूंदीबाग बाजार स्थित झोपड़पट्टी में छापेमारी की और एक आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए पूरे 12 लाख रुपये नकद एवं सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शनि करमाली से कड़ी पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अजय कुमार ने टीम के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को इस त्वरित एवं सफल कार्रवाई के लिए बधाई दी और कहा कि रामगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

पीड़ित मनोज कुमार साव भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे और पुलिस को धन्यवाद देते हुए कहा, “मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि सिर्फ तीन दिन में मेरा सारा सामान वापस मिल गया। रामगढ़ पुलिस को सलाम!”

इस शानदार सफलता के लिए रामगढ़ पुलिस को जनता एवं सोशल मीडिया पर भरपूर सराहना मिल रही है।