रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो संकट: 70 से अधिक उड़ानें रद्द, 11 हजार यात्री प्रभावित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 10 दिसंबर: रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा। 3 दिसंबर से अब तक 70 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिससे 11,000 से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और पटना रूट सबसे ज्यादा चपेट में हैं।

हर दिन 8-12 उड़ानें रद्द हो रही हैं, जबकि कई फ्लाइट्स 6-10 घंटे तक लेट हो रही हैं। इसका सबसे बुरा असर शादी, इलाज और जरूरी कामों पर पड़ा है। दुल्हन-दूल्हे के रिश्तेदार, गंभीर मरीज, ऑपरेशन के लिए जा रहे लोग और नौकरी-अहम मीटिंग के यात्री फंस गए। यात्रियों ने भारी परेशानी झेली- एयरपोर्ट पर हंगामा, रोते-बिलखते परिवार, लंबी कतारें और स्टाफ से झड़पें आम हो गईं। बिना सूचना के पहुंचे सैकड़ों यात्री घंटों इंतजार करते रहे।

इंडिगो ने क्रू की कमी, DGCA के नए पायलट ड्यूटी नियम और तकनीकी कारणों को वजह बताया है। कंपनी ने माफी मांगी और पूर्ण रिफंड या वैकल्पिक बुकिंग का वादा किया है।

रद्दीकरण के कारण अन्य एयरलाइंस के किराए 5-13 गुना बढ़ गए; रांची-दिल्ली का टिकट 25-50 हजार तक पहुंच गया। DGCA ने इंडिगो को तलब किया है। देशभर में 700 से अधिक फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं।

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। यात्रियों से अनुरोध है कि उड़ान स्टेटस पहले चेक करें और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें।