लैंड फॉर जॉब केस: दिल्ली कोर्ट आज सुनाएगी लालू परिवार पर आरोप तय करने का फैसला

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पटना/दिल्ली, 10 दिसंबर: राउज एवेन्यू कोर्ट में बुधवार को लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए बेहद अहम दिन है। लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में विशेष सीबीआई जज विशाल गोगने आज यह तय करेंगे कि लालू, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी-तेज प्रताप और बेटियों मीसा भारती-हेमा यादव सहित 103 आरोपियों पर भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप तय होंगे या नहीं।

सीबीआई का आरोप है कि 2004-2009 में रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद ने वेस्ट सेंट्रल रेलवे के जबलपुर जोन में ग्रुप-डी नौकरियां देने के बदले उम्मीदवारों से जमीनें परिवार और रिश्तेदारों के नाम लिखवाईं। एजेंसी ने दस्तावेजी सबूत और गवाह पेश किए हैं।

लालू के वकीलों ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया और सभी आरोपों को खारिज करने की मांग की। कोर्ट ने 11 सितंबर को दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर फैसला सुरक्षित रखा था। कई बार टलने के बाद आज फैसला आने की उम्मीद है।

यदि आरोप तय हुए तो मामला ट्रायल शुरू हो जाएगा, जो बिहार की सियासत में बड़ा झटका माना जा रहा है। कोर्ट ने लालू परिवार को व्यक्तिगत पेशी से छूट दे रखी है। सभी की नजरें इस फैसले पर टिकी हैं।