रामगढ़ में JLKM की छात्र अधिकार यात्रा जोर पकड़ रही, देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में सड़क मार्च

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 8 दिसंबर 2025: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा  की पांच सूत्री मांगों को लेकर चल रही ‘छात्र अधिकार यात्रा’ रविवार शाम को रामगढ़ पहुंची। पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष एवं प्रमुख छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-युवाओं ने शहर के मुख्य मार्गों से विशाल सड़क मार्च निकाला। मार्च में ‘1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू करो’, ‘बेरोजगारी दूर करो’, ‘छात्रवृत्ति बहाल करो’, ‘परीक्षा लीक बंद करो’ जैसे नारे गूंजते रहे।

यात्रा 4 दिसंबर को गुमला के डुमरी से शुरू हुई थी और 180 किलोमीटर पैदल चलकर 9 दिसंबर को रांची विधानसभा घेराव के साथ समाप्त होगी। रामगढ़ में मार्च को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

देवेंद्र नाथ महतो ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “हेमंत सोरेन सरकार छात्रों-युवाओं की अनदेखी कर रही है। अगर 9 दिसंबर तक मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।” JLKM प्रमुख जयराम महतो ने भी वीडियो संदेश के जरिए मार्च को समर्थन दिया।

रामगढ़ में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा अब रांची की ओर बढ़ रही है। कल रांची में विधानसभा घेराव को लेकर छात्रों में भारी उत्साह है। कल विधानसभा घेराव में जेल के विधायक जयराम महतो भी मौजूद रहेंगे।