झारखंड बोर्ड 2026: परीक्षा शुल्क में 35% तक की भारी वृद्धि, ऑनलाइन फॉर्म पर भी अलग से चार्ज

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 8 दिसंबर 2025: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 2026 की मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए शुल्क में भारी वृद्धि कर दी है। इस बार सबसे विवादास्पद फैसला यह है कि पहली बार ऑनलाइन फॉर्म भरने पर अलग से 60 रुपये (रजिस्ट्रेशन 30 + परीक्षा फॉर्म 30) का शुल्क लगाया गया है।

नई दरों के अनुसार अब सामान्य वर्ग के छात्रों को मैट्रिक के लिए 1180 रुपये और इंटर के लिए 1400 रुपये देने होंगे, जबकि पहले ये क्रमशः 840 और 1070 रुपये थे। लड़कियों व आरक्षित वर्ग (SC/ST/BC) के लिए भी शुल्क 980 से 1100 रुपये तक बढ़ा दिया गया है। प्राइवेट उम्मीदवारों को सबसे ज्यादा झटका लगा है- उनकी फीस 1900 रुपये तक पहुँच गई है।

18 नवंबर से शुरू हुए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बिना लेट फीस के 5 दिसंबर और लेट फीस के साथ 12 दिसंबर है। JAC ने साफ कहा है कि शुल्क केवल ऑनलाइन ही जमा होगा, नकद या ड्राफ्ट स्वीकार नहीं होंगे।

छात्र संगठनों ने इसे गरीब, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के छात्रों पर हमला बताया है। AISA, NSUI और ABVP ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किए और शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि जब फॉर्म पूरी तरह ऑनलाइन है तो अलग से “ऑनलाइन चार्ज” लेना सरासर लूट है।

लगभग 8 लाख छात्र-छात्राओं पर पड़ने वाले इस फैसले से अभिभावकों में भी आक्रोश है। JAC ने अभी तक कोई स्पष्टीकरण या राहत का ऐलान नहीं किया है।