निलंबित IAS विनय चौबे की पत्नी से ACB की 10 घंटे लंबी पूछताछ

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 8 दिसंबर 2025: झारखंड के निलंबित IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे के आय से अधिक संपत्ति मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रविवार को उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता से मैराथन पूछताछ की। रांची के कांके रोड स्थित सरकारी आवास पर सुबह 10 बजे शुरू हुई यह पूछताछ शाम 8 बजे तक चली।

DIG नेतृत्व में पहुंची ACB टीम ने स्वप्ना से संपत्ति के स्रोत, बैंक ट्रांजेक्शन, नेक्सजेन कंपनी से मिली राशि, बिहार के लखीसराय में दर्ज संपत्ति और विनय चौबे के करीबी विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह से संबंधों पर विस्तृत सवाल किए। स्वप्ना ने सभी लेन-देन वैध बताए, लेकिन ACB उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई।

24 नवंबर को दर्ज FIR में विनय चौबे, स्वप्ना संचिता, उनके ससुर-साले और विनय सिंह दंपति आरोपी हैं। चौबे और विनय सिंह अभी बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं। ED ने भी शराब घोटाले में PMLA केस दर्ज किया है।

ACB अब बैंक लॉकर, दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच और हजारीबाग वन भूमि घोटाले में चौबे की भूमिका की पड़ताल करेगी। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।