रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 7 दिसंबर। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने झारखंड को कंपकंपा दिया है। राज्य के सभी 24 जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन और ठंड बढ़ने की चेतावनी दी है। 8 से 12 दिसंबर तक पारा 2-3 डिग्री और गिर सकता है, जिससे कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनेगी।
सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोहरदगा, सिमडेगा और लातेहार में भी पारा 9 डिग्री से नीचे रहा। रांची में न्यूनतम तापमान 10.8, डाल्टनगंज में 8.6 और जमशेदपुर में 14.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह-शाम घना कोहरा छाने से दृश्यता 200-500 मीटर तक सिमट गई है।
मौसम विभाग ने गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, लातेहार, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, चतरा, पलामू और गढ़वा समेत 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं और हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी इसका मुख्य कारण है।
लोगों को सलाह दी गई है कि गर्म कपड़े पहनें, अलाव जलाते समय सावधानी बरतें और बुजुर्ग-बच्चों का विशेष ख्याल रखें। ठंड से बचाव के लिए गर्म पेय और पौष्टिक भोजन लें। अगले पांच दिन राज्य में कनकनी और बढ़ने की पूरी संभावना है।