रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 6 दिसंबर 2025: बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की 12 उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जबकि 6 अन्य कई घंटे विलंब से चलीं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख रूट बुरी तरह प्रभावित हुए। एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और रिफंड काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं।
DGCA के नए साप्ताहिक आराम नियम के कारण देशभर में इंडिगो के क्रू मेंबर्स की कमी हो गई है। पिछले चार दिनों में एयरलाइन ने 1000 से अधिक उड़ानें रद्द की हैं, जिसका सबसे बुरा असर छोटे शहरों जैसे रांची पर पड़ा।
सबसे बड़ी मार टिकट कीमतों पर पड़ी। इंडिगो की उड़ानें बंद होने से बाकी एयरलाइंस पर दबाव बढ़ा और डायनामिक प्राइसिंग के चलते किराया आसमान छूने लगा। रांची-कोलकाता का टिकट जो सामान्यतः 4-5 हजार रुपये में मिलता था, वह 55,000 रुपये तक पहुंच गया। रांची-दिल्ली का किराया 8,000 से बढ़कर 30-40 हजार और कुछ मामलों में 81,000 रुपये तक दर्ज किया गया।
यात्रियों ने इसे “दोहरी मार” बताया- पहले उड़ान रद्द, फिर महंगे टिकट। ट्रेनें भी फुल होने से वैकल्पिक यात्रा का कोई रास्ता नहीं बचा। पीक सीजन में यह संकट और गहरा गया है। इंडिगो ने माना कि क्रू रोटेशन में दिक्कत है और 2-3 दिन में स्थिति सामान्य करने का दावा किया है।