रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 6 दिसंबर। झारखंड विधानसभा का पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र शुक्रवार को शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन सदन में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई, जिसमें अभिनेता धर्मेंद्र, पंकज धीर सहित कई प्रमुख हस्तियों के नाम शामिल थे। इसके बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई। अगली बैठक 7 दिसंबर को होगी।
सत्र की शुरुआत में सरकार ने मॉनसून सत्र में दिए गए आश्वासनों पर आधारित एक्शन टेकन रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड में विकास की असीम संभावनाएं हैं, इन्हें जनहित में बदलना सभी का दायित्व है। उन्होंने पक्ष-विपक्ष से सत्र को रचनात्मक बनाने की अपील की।
दिन का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा रहा लगभग 700 अस्थायी शिक्षकों का समायोजन। विपक्ष के सवालों के जवाब में शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सीधा समायोजन संभव नहीं है, लेकिन इन शिक्षकों को उनके अनुभव के आधार पर प्रति वर्ष 1 अंक का वेटेज (अधिकतम 5 अंक) दिया जाएगा। साथ ही, उम्र सीमा से वंचित शिक्षकों के लिए विशेष छूट पर सहानुभूतिपूर्वक विचार होगा और जेपीएससी को निर्देश दिए जाएंगे।
8 दिसंबर को वित्तीय वर्ष 2025-26 का दूसरा अनुपूरक बजट (लगभग 11 हजार करोड़ रुपये) पेश होगा। सत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा परिसर में धारा 144 लागू कर दी गई है।