रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 5 दिसंबर : भारतीय वायुसेना के 10 एयरमैन सिलेक्शन सेंटर की टीम ने मंगलवार को रामगढ़ कॉलेज एवं जिले में चल रहे ऑल इंडिया एनसीसी कैंप में व्यापक करियर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं व विभिन्न राज्यों से आए NCC कैडेट्स को वायुसेना में करियर की पूरी जानकारी दी गई।
कॉलेज परिसर में हुए पहले सत्र में अधिकारियों ने AFCAT (Air Force Common Admission Test) के जरिए फ्लाइंग, तकनीकी व गैर-तकनीकी ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच में अधिकारी बनने की प्रक्रिया समझाई। एयरमैन (तकनीकी एवं गैर-तकनीकी) भर्ती, ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा पैटर्न, शारीरिक मानक, SSB इंटरव्यू तथा महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। छात्रों ने PABT, मेडिकल स्टैंडर्ड्स व करियर ग्रोथ को लेकर उत्साहपूर्वक प्रश्न किए।
दूसरे सत्र में टीम ने NCC कैंप का दौरा किया। यहाँ कैडेट्स के साथ अनुशासन, टीम भावना, लीडरशिप और निरंतर कौशल विकास पर बल दिया गया। कैडेट्स ने शारीरिक फिटनेस टेस्ट (1.6 किमी दौड़, पुश-अप्स, सिट-अप्स आदि) व चयन प्रक्रिया को लेकर गहरी रुचि दिखाई।
यह कार्यक्रम भारतीय वायुसेना की देशव्यापी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण व छोटे शहरों के युवाओं को “Touch the Sky with Glory” का अवसर देना है। रामगढ़ के युवाओं में वायुसेना में भर्ती होने का जबरदस्त उत्साह देखा गया। कॉलेज प्रशासन व स्थानीय लोगों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।