राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर भव्य राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 03 दिसंबर 2025: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा आज विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर एकदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए 510 से अधिक शोधार्थियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया।

संगोष्ठी का शुभारंभ झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश माननीय जस्टिस डॉ. एस.एन. पाठक, कुलाधिपति बी.एन. साह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संस्थापक स्व. गोविंद साह एवं स्व. राधा देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि जस्टिस डॉ. एस.एन. पाठक ने कहा,- “एक राष्ट्र, एक चुनाव तभी सफल और सशक्त होगा जब लोकतंत्र के तीनों अंग – विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका- मूल संवैधानिक सिद्धांतों पर लौटें और संविधान के दायरे में रहकर कार्य करें। इसके लिए जरूरत पड़ने पर संविधान संशोधन भी करना पड़ेगा।”

ब्ल्यू फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. पंकज सोनी ने चुनावी खर्च पर चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव देश के आर्थिक संसाधनों पर भारी बोझ डालते हैं, जो विकास कार्यों में बाधा बनते हैं।

कुलाधिपति बी.एन. साह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा- “राष्ट्रीय संगोष्ठी ज्ञान प्रस्तुत करने के साथ-साथ गहन चर्चा का अवसर और चुनौती दोनों देती है।”

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, झारखंड उच्च न्यायालय के प्रवक्ता विनोद कुमार, समाजसेवी सी.पी. संतन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

संगोष्ठी चार समानांतर तकनीकी सत्रों में चली जिसमें शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना पांडेय एवं डॉ. अमरेश पांडेय ने तथा समन्वय विधि विभाग के व्याख्याता महेंद्र मंडल एवं आलोक आंबेडकर ने किया।

धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने किया और संगोष्ठी का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं बौद्धिक स्तर को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।