विश्व एड्स दिवस : रामगढ़ में जागरूकता रैली व शिविर, सिविल सर्जन बोले- एड्स से डरें नहीं, बचाव पूरी तरह संभव

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 01 दिसंबर : विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, रामगढ़ के तत्वावधान में सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में व्यापक जागरूकता शिविर एवं प्रचार रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

विशिष्ट अतिथियों में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला मलेरिया पदाधिकारी, जिला क्षय रोग पदाधिकारी, एड्स कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. स्वराज, डॉ. उदय श्रीवास्तव, डॉ. विवेक कुमार सहित डीपीएमयू के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सिविल सर्जन डॉ. प्रसाद ने कहा कि एड्स से बचाव पूर्णतः संभव है यदि समाज जागरूक हो। उन्होंने एचआईवी के चार प्रमुख कारण बताए— असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई-सिरिंज, संक्रमित माँ से शिशु में संचरण तथा संक्रमित रक्त चढ़ाना। उन्होंने घोषणा की कि अब जिले में सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच अनिवार्य होगी, जो सीएचसी, पीएचसी, उप-स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं वीएचएसएनडी सत्रों में निःशुल्क की जाएगी।

सभी सीएचओ को निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं, टीबी मरीजों एवं गंभीर रोगियों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें।

दूसरे चरण में सैकड़ों सहिया बहनों व स्वास्थ्य कर्मियों ने नारे लगाते हुए विशाल रैली निकाली और लोगों को संदेश दिया- “एड्स से डरें नहीं, जागरूकता और सावधानी ही बचाव है।”

स्वास्थ्य विभाग व सहिया संगठन के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।