रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
नई दिल्ली, 1 दिसंबर 2025: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने जेईई मेन 2026 सेशन-1 के लिए आवेदन फॉर्म सुधार विंडो आज यानी 1 दिसंबर 2025 से खोल दी है। उम्मीदवारों को केवल दो दिन का समय मिलेगा, जो 2 दिसंबर 2025 रात 11:50 बजे तक चलेगा। इसके बाद किसी भी तरह का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस सुधार विंडो में उम्मीदवार नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, श्रेणी, उप-श्रेणी, पीडब्ल्यूडी स्थिति, कक्षा 10वीं व 12वीं की जानकारी, परीक्षा केंद्र की पसंद, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और अन्य अपलोड दस्तावेजों में बदलाव कर सकते हैं। श्रेणी में बदलाव करने पर अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा, जो पहले भुगतान की गई फीस से अलग होगा।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है। गलत जानकारी के कारण आगे होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी उम्मीदवार की होगी। सुधार के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर लॉग-इन करना होगा और आवेदन नंबर व पासवर्ड के माध्यम से फॉर्म में आवश्यक बदलाव करने होंगे।
जेईई मेन 2026 सेशन-1 की परीक्षा 21 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक और सेशन-2 की परीक्षा अप्रैल 2026 में होगी। लाखों अभ्यंताओं के लिए यह सुधार विंडो बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि छोटी-सी गलती भी प्रवेश पत्र या परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
एनटीए ने सभी उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि वे तुरंत अपने फॉर्म की जांच करें और निर्धारित समय के अंदर सुधार कर लें।